कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन
रतलाम। जिले के सैलाना में खाद, बिजली और किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने हल्ला बोल दिया है। सरकार को जगाने के लिए बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। रैली के रूप में निकले प्रदर्शनकारी एसडीएम ऑफिस का घेराव करेंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक और रतलाम जिला कांग्रेस (ग्रामीण) अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत कर रहे हैं।
पुलिस से भिड़े नपा अध्यक्ष, बोले- प्रशासन नहीं, किसानों का साथ दो
प्रदर्शन में अनोखा विरोध देखने को मिला। ट्रैक्टरों पर किसानों के पुतले फांसी के फंदे पर लटकते हुए दिखाए गए हैं, जो किसानों की बदहाली बयां कर रहे हैं।
पुलिस ने जब इन पुतलों को उतारने की कोशिश की, तो माहौल गरमा गया। सैलाना नगर परिषद अध्यक्ष लक्की शुक्ला ने पुलिस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा- किसानों की समस्या दिख नहीं रही है। आप प्रशासन का नहीं, किसानों का साथ दो। इसके बाद वहां जय जवान-जय किसान के नारे गूंजने लगे।
10 बीघा जमीन पर मिल रहीं सिर्फ 2 बोरी खाद
किसानों का कहना है कि जिले में यूरिया का संकट है। किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रहा। हालात यह हैं कि 10 बीघा जमीन वाले किसान को सिर्फ दो बोरी खाद दी जा रही है। इससे खेती प्रभावित हो रही है। इसी के विरोध में यह बड़ा आंदोलन किया जा रहा है।
इस्तीफे की पेशकश के बाद गेहलोत का शक्ति प्रदर्शन
हाल ही में हर्ष विजय गेहलोत ने जिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसकी वजह पारिवारिक और विधानसभा क्षेत्र पर ध्यान देना बताया था, लेकिन असल नाराजगी ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर थी। हालांकि, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया। इसके बाद गेहलोत का यह पहला बड़ा प्रदर्शन है, जिसे उनका शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है।




