देशमध्य प्रदेशराज्यलोकल न्यूज़

शहीदों को नमन, संविधान–संस्कृति–राष्ट्रबोध का सशक्त संगम

मालवा मीडिया फेस्ट का ऐतिहासिक शुभारंभ

रतलाम

मालवा अंचल की सांस्कृतिक, सामाजिक एवं बौद्धिक चेतना को नई दिशा देने वाला मालवा मीडिया फेस्ट 9 जनवरी को ऐतिहासिक और प्रेरणादायी वातावरण में आरंभ हुआ। फेस्ट की शुरुआत महान क्रांतिकारी शहीद चंद्रशेखर आज़ाद के जन्मस्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई, जहाँ विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सक्षम संचार की टीम ने देशभक्ति का संकल्प लिया। भ्रमण के दौरान झाबुआ एसपी डॉ. शिवदयाल से शिष्टाचार भेंट हुई, जिन्होंने इस प्रकार के शैक्षणिक, जागरूकता और युवा केंद्रित आयोजनों की मुक्त कंठ से सराहना की।

मुख्य उद्घाटन समारोह रतलाम के उजाला पैलेस में आयोजित हुआ, जहाँ पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विनी कुमार ने दीप प्रज्वलन कर फेस्ट का शुभारंभ किया। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए युवाओं से जिम्मेदार, सकारात्मक एवं राष्ट्रहित में मीडिया की भूमिका निभाने का आह्वान किया।   कार्यक्रम के दौरान संविधान प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रख्यात कबीर भजन गायक प्रह्लाद जी टिपाणिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी पूनम तिवारी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी।

लोक-सांस्कृतिक साधना और कबीर वाणी के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान हेतु प्रह्लाद जी टिपाणिया को ‘मालवा अलंकृत’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उनके कबीर भजनों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और विचारशील बना दिया। दूसरा दिन: श्रद्धांजलि, रचनात्मकता और राष्ट्रचिंतन मालवा मीडिया फेस्ट के दूसरे दिन की शुरुआत शहीद अजहर हाशमी को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित अतिथियों, आयोजकों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद के बलिदान को नमन किया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने ड्रॉइंग, पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में छात्रों ने सामाजिक सरोकारों, राष्ट्रवाद और मीडिया की भूमिका जैसे विषयों पर अपनी सशक्त रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की।

ज्ञानवर्धक सत्र में मेजर नम्रता धस्माना ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए विचारों की स्वतंत्रता, आत्मविश्वास और वैश्विक घटनाओं की समझ पर प्रकाश डाला। जियो-पॉलिटिक्सजैसे समसामयिक विषयों पर उनकी चर्चा और प्रश्न–उत्तर सत्र छात्रों के लिए अत्यंत प्रेरक रहा।

इसके बाद आयोजित सत्र में पूर्व रॉ एजेंट लकी बिष्ट ने “टॉक ऑन सीक्रेट एजेंट: अ कोवर्ट मिशन” विषय पर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, खुफिया तंत्र और रणनीतिक सोच की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि किसी भी राष्ट्र की मजबूती केवल सैन्य शक्ति से नहीं, बल्कि मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और दूरदर्शी रणनीति से सुनिश्चित होती है।

सक्षम संचारकी संस्थापक एवं निदेशक अर्चना शर्मा ने बताया कि मालवा मीडिया फेस्ट का उद्देश्य युवाओं को इतिहास, संविधान, संस्कृति और मीडिया की जिम्मेदार भूमिका से जोड़ना है। फेस्ट के अंतर्गत आगामी दिनों में कार्यशालाएँ, संवाद सत्र एवं विविध रचनात्मक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।

  1. मालवा मीडिया फेस्ट के पहले दो दिन देशभक्ति, लोकतांत्रिक मूल्यों, सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मकता और बौद्धिक विमर्श का सशक्त संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुए, जिसने युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!