
किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन; कलेक्ट्रेट घेराव की कोशिश, पुलिस ने वाटर कैनन से रोका
कुछ कार्यकर्ता बैलगाड़ी लेकर रैली में पहुंचे; ज्ञापन दिए बिना ही लौटे नेता
रतलाम। खाद, बीज, बिजली व किसानों की अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार दोपहर प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट का घेराव करने के पहले ही बीच रास्ते में कांग्रेसियों को प्रशासन व पुलिस ने बैरीकेड्टस लगाकर रोक दिया। कांग्रेसियों ने बैरिकेड्स तोड़ आगे बढऩे की कोशिश। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए वाटर कैनन चलाकर खदेड़ दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। पुलिस ने कांग्रेसियों को पीछे धकेल दिया। कांग्रेसी बिना ज्ञापन दिए लौट गए।
कांग्रेसी सुबह 11 बजे सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी में एकत्र हुए। यहां से दोपहर 2 बजे रैली शुरू की। रैली में कांग्रेसी बैलगाड़ी, ट्रैक्टर में सवार होने के साथ पैदल भी बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण शामिल हुए।
रैली को सब्जी मंडी से सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, रानीजी का मंदिर, गणेश देवरी, डालूमोदी बाजार, नाहरपुरा, कॉलेज रोड, नगर निगम तिराहा, अंबेडकर प्रतिमा, कोर्ट चौराहा, फव्वारा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट जाकर घेराव करना था।
लेकिन प्रशासन ने अंबेडकर प्रतिमा से कोर्ट तिहारे वाले रास्ते को बंद कर दिया। इससे कांग्रेसी पोलोग्राउंड (नेहरु स्टेडियम) वाले रास्ते की तरफ दोपहर 3 बजे पहुंचे। यहां से पहले से ही प्रशासन व पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया था।
बैरिकेट्स तोड़े, पुलिस ने भांजी लाठी
पोलोग्राउंड के बाहर ही पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद बैरिकेड्स तोड़ आगे बढऩे की कोशिश करने लगे। लेकिन पुलिस ने सभी को रोक दिया। मौके पर मौजूद अपर कलेक्टर को ही ज्ञापन देने को कहा। लेकिन कांग्रेसी नहीं माने। सभी कलेक्ट्रेट जाने की मांग करने लगे। कांग्रेसी बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए। पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर कांग्रेसियों को खदेड़ा दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ। लेकिन कांग्रेसी आगे नहीं बढ़ पाए।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत, शहर अध्यक्ष शांतिलाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र कटारिया, पारस सकलेचा, मंसूर अली पटौदी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष राजेश भरावा डीपी धाकड़ राजीव रावत, लक्ष्मणसिंह डिंडौर, राजेश पुरोहित, बसंत पंड्या, इक्का बैलूत, जगदीश पाटीदार, किशन सिंगाड़, आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान प्रशासन व पुलिस के अधिकारी बल के साथ भारी संख्या में मौजूद रहे।
इन मांगों का देना था ज्ञापन
– खाद-बीज की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण किया जाए।
– खाद वितरण में ई-केवाईसी की समस्याओं का समाधान किया जाए।
– किसानों की अन्य ज्वलंत समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।




